जयपुर : भारत की BRICS अध्यक्षता 2026 के तहत जयपुर में 16वीं BRICS व्यापार मंत्रियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक...
Jeevan Jyoti News August 8, 2026
जयपुर : भारत की BRICS अध्यक्षता 2026 के तहत जयपुर में 16वीं BRICS व्यापार मंत्रियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में WTO सुधार, किसानों के हित, एमएसएमई को आसान ऋण, वैश्विक वैल्यू चेन, डिजिटल सेवाओं और व्यापार सहयोग को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने की।
भारत की BRICS अध्यक्षता 2026 के तहत 16वीं BRICS व्यापार मंत्रियों की बैठक शुक्रवार को जयपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने की। इसमें केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित BRICS सदस्य देशों के व्यापार मंत्री, उपमंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की थीम ‘Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ रही।
बैठक में भारत ने किसानों के हितों को प्रमुखता से उठाते हुए खाद्य और आजीविका सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारत ने विकासशील देशों के लिए स्पेशल और डिफरेंशियल ट्रीटमेंट बनाए रखने तथा विश्व व्यापार संगठन को केंद्र में रखते हुए बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था मजबूत करने की पैरवी की।
भारत ने विश्व व्यापार संगठन की पूरी तरह कार्यशील, दो-स्तरीय और बाध्यकारी विवाद निपटान व्यवस्था बहाल करने की आवश्यकता भी रेखांकित की। BRICS देशों ने भारत के नेतृत्व में BRICS Economic Partnership 2030 की रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में हुई प्रगति की सराहना की। इसे BRICS नेताओं के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक में छोटे और मध्यम कारोबारों यानी MSME को लेकर भी अहम फैसला हुआ। मंत्रियों ने ऐसी व्यवस्था पर विचार करने पर सहमति जताई, जिससे छोटे कारोबारियों को अपने बिल के बदले जल्दी पैसा मिल सके। इसके अलावा, निर्यात करने वाले छोटे और मध्यम कारोबारों को आसानी से कर्ज मिल सके, इसके लिए क्रेडिट जांच के नए नियमों को अपनाने पर भी सहमति बनी।
इसका उद्देश्य छोटे कारोबारों को संपत्ति और जमानत के बजाय उनके नकदी प्रवाह के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है। इससे करीब 2.5 ट्रिलियन डॉलर के वैश्विक व्यापार वित्त अंतर को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
डिजिटल रूप से प्रदान की जाने वाली सेवाओं के सुरक्षित और निर्बाध सीमा-पार प्रवाह को बढ़ावा देने के लिए BRICS Principles को अपनाया गया। बैठक में BRICS देशों के बीच संतुलित और विस्तारित व्यापार, सेवाओं में सहयोग तथा एमएसएमई के अंतरराष्ट्रीयकरण को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने जयपुर के ऐतिहासिक सिटी पैलेस का भ्रमण किया और राजस्थान की समृद्ध विरासत तथा हस्तशिल्प परंपराओं की सराहना की। भारतीय अध्यक्षता में हुए इन निर्णयों को विकसित भारत@2047 और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच साझा समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया है।