राजस्थान : उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान करीब 5 करोड़ 64 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने सिकंदरा-अलवर रोड पर करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए बांदीकुई रोडवेज बस स्टैंड का शिलान्यास किया। इस दौरान बिवाई से खाटूश्यामजी के लिए नई रोडवेज बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
न्यू बस स्टैंड पर आयोजित समारोह में डॉ. बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। महिलाओं, किसानों, मजदूरों और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और दोषियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। वहीं, राइजिंग राजस्थान के माध्यम से निवेश बढ़ाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। डॉ. बैरवा ने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले विधायक भागचंद सैनी के नेतृत्व में बांदीकुई में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में 1000 मीटर लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण रहा। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। रैली में आमजन, युवा, विद्यार्थी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
विधायक भागचंद सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और आने वाले समय में भी विकास की गति जारी रहेगी। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी ऋतुराज शर्मा, पंचायत समिति VDO नितेश सैनी, रोडवेज प्रबंधक शक्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।


