हल्द्वानी: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नैनीताल जिले में निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) पूरी कर ली गई है। जांच के दौरान बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की जांच की गई। इस प्रक्रिया में खराब पाई गई ईवीएम को वापस संबंधित कंपनी को भेज दिया गया है, जबकि सही पाई गई मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है।वहीं, निर्वाचन विभाग ने जिले में 38 पोलिंग बूथों में बदलाव को भी मंजूरी दी है। इसके बाद नैनीताल जिले में पोलिंग बूथों की कुल संख्या बढ़कर 1068 हो गई है।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां लगातार की जा रही हैं। ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का पुनः परीक्षण करने के बाद 38 नए पोलिंग बूथों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज, 38 नए पोलिंग बूथों को मिली मंजूरी
uttarakhand
Jeevan Jyoti News November 12, 2026

Jeevan Jyoti News
Writer
Tags:उत्तराखंडLatest News

