राजस्थान : राजस्थान दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आरपीआई प्रदेश के 35 जिलों में अपने उम्मीदवार उतारेगी और आवश्यकता होने पर भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी राजस्थान में अपना संगठन तेजी से मजबूत कर रही है और आगामी पंचायत चुनावों में प्रदेश के 35 जिलों में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता होगी, वहां भाजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा जाएगा।

जयपुर के खासाकोठी स्थित राज्य अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में अठावले ने कहा कि आरपीआई का संगठन राजस्थान में लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) आगामी चुनावों में एक बार फिर सरकार बनाएगा। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का लाभ एनडीए को मिलेगा।