चंडीगढ़ : हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण दवाओं और आधुनिक नैदानिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति ने करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से 117 महत्वपूर्ण और आवश्यक दवाओं की खरीद को मंजूरी दी है।
इसके अलावा, पीजीआईएमएस रोहतक में इमेजिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए दो वर्ष के दर अनुबंध के तहत करीब 2.20 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम विद फ्लोरोस्कोपी खरीदा जाएगा। इससे मरीजों का अधिक सटीक और समय पर निदान संभव होगा।
जिला स्तर पर नेत्र चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 22 जिला नागरिक अस्पतालों में ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है। इसके लिए दो वर्ष के दर अनुबंध के तहत करीब 6.62 करोड़ रुपये की लागत से 22 ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफ खरीदे जाएंगे।
