पटना : पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं के लिए राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) के स्थायी परिसर का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया गया। यह बिहार का महिलाओं के लिए पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान होगा।
पटना जिले के बिहटा प्रखंड के सिकंदरपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं के लिए बनने वाले राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) के स्थायी परिसर का गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअली शामिल हुए।
यह बिहार में महिलाओं के लिए स्थापित होने वाला पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक तकनीकी और रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। परियोजना के पहले चरण में करीब चार एकड़ भूमि पर संस्थान का अत्याधुनिक स्थायी भवन बनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, भवन निर्माण का लक्ष्य लगभग दो वर्षों में पूरा करने का रखा गया है। संस्थान में एक समय में करीब 500 महिलाओं को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था होगी। यहां विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकी और कौशल आधारित शिक्षा दी जाएगी, ताकि महिलाएं रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए तैयार हो सकें।


