मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा में होगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में होने वाली यह पहली कार्यसमिति बैठक होगी। इसमें विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। साथ ही संगठन को और मजबूत करने के लिए आगे की योजना तैयार होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और प्रदेश पदाधिकारियों समेत करीब 400 नेता शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों और एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए 25 अगस्त को प्रदेश भाजपा की बैठक होगी।
कार्यसमिति में युवाओं के साथ जेन-जी और जेन-अल्फा को पार्टी से जोड़ने पर विशेष चर्चा होगी। युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और उनसे संवाद के नए तरीके तलाशने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा सकती है। इसके अलावा सहकारिता, नगरीय निकाय चुनाव और दूसरे राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। सरकार के कामकाज और संगठन की गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।


