अमृतसर : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को गुरु नगरी अमृतसर पहुंचे। यहां उन्होंने श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु घर का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने सिर पर दस्तार सजाकर देश की खुशहाली, पंजाब की तरक्की और सरबत के भले की अरदास की।

श्री हरिमंदिर साहिब में दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जब भी उन्हें यहां आने का अवसर मिलता है, उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें पहले से अधिक ऊर्जा की जरूरत है, क्योंकि उनकी पार्टी पूरे देश में संगठन विस्तार के अभियान पर काम कर रही है।

चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान का सपना था कि पार्टी देशभर में मजबूत संगठन खड़ा करे। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पार्टी विभिन्न राज्यों में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा और यहां पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जाएगा।